Posts

Showing posts from October, 2026

नवदुर्गा का अवतार आज की औरत

Image
 वो खींच के लगाती है काजल,  उम्र को एक हाथ से जकड़ते हुए,  दूसरे हाथ में आरती का थाल,  परंपराओं की डोर  ओर कंप्यूटर का की पैड थामे,  सहस्र भुजाओं से संभालती  पृथ्वी के बनते बिगड़ते समीकरण  ओर जमीं पर हल्की सी थाप दे,  मुस्कराती है मंद मंद,  ताप, शीत सहते हुए,  वर्जनाएं, कटूक्तियाँ किनार कर  अपने आंचल से, दिये की लौ सी  अपने बच्चे को थाम कर  हाथ आगे बढ़ा देती है... आज की औरत,  जैसे नवदुर्गा का अवतार  हर दिन हर बार

ये भी शब्द ही हैं...

Image
शब्द जो एहसास कराते हैं... किसी के होने का, किसी के दुलारने का, खयाल रखना, पहुंच कर मैसेज कर देना, ठीक हो...? खाना खाया क्या..? सो रहे हो...? घर पहुंच गए...?  दवा ले ली क्या...? और फिर ये भी बात नहीं कर पाएंगे... फिर अभी व्यस्त हूं... बाद में बात करते हैं...  ये भी शब्द ही हैं... तुम मेरा घर हो..  मैं हूं ना...  से लेकर  मैं घर पर हूं बाद में बात करते हैं तक ... सब कुछ शब्दों में ही तय होता है...! किसी का आना, अपना सा बन जाना, दूर रह कर भी घर सा हो जाना ओर फिर दूर ही हो जाना सब शब्दों की जादुई नगरी में  बनना बिगड़ना कई खेलो की तरह जिंदगी इन्हीं शब्दों में करवटें बदलती है हैं मगर ये सब मात्र शब्द ही...!!!

अब कैसे

Image
अरे खुद से लगाती हो नेलपॉलिश उसने कहा था  मैं लगा देता... अरे खुद से पार करती हो सड़क तुम्हे तो हाथ पकड़ के चलने का मन ही नहीं करता  हां भाई सेल्फ सफीशिएंट लड़की हो... फिर पता ही नहीं चला  कब साथ साथ चलने की आदत सी लग गई  मगर हर चीज का एक अंत होना है अब तुम कहते हो खुद से भी कुछ कर लिया करो  मैं सोचती हूं अब कैसे ... न तो रस्ते पहचान आ रहे न कदम पड़ रहे सीधे  अब तुम कहते हो खुद से सबकुछ कर लूं मगर कैसे  अब तो आदत सी लग गई  तुम्हारी आँखों से दुनिया देखने की  तुम्हारे हाथ थाम चलने की अब कहां से ढूंढू एक नई मंजिल कहा ढूंढू फिर से अपने ही कदमों को आगे बढ़ने की ख्वाहिशों को... हाँ , ख्वाहिशें अब भी हैं आगे बढ़ने की... मगर कैसे ...???

हर्ज़ क्या है

Image
मुलाकातों का सिलसिला जारी रहना चाहिए आखिर हर्ज ही क्या है...? जानते हैं हम दोनों के बीच  खेत नदी ओर पहाड़ सब के सब थमे से हैं  इस पार की उलझने उस पार के सपनों को रौंदती सीं  काँटे बस कांटे ही कांटे... इतने कि जख्मी हो जाएं  इश्क की तरफ ताकते हुए हमारे बेचैन मन इतने कांटे कि हिम्मते फिर से जीने की  सिसक कर वही कोने में दम तोड़ दें फिर भी मुलाकातों का सिलसिला जारी रहना चाहिए आखिर हर्ज़ ही क्या है...  फ़र्क़ पड़ना  बहुत जरूरी है  कि तमाम वादे करते वक्त  हम बख़ूबी जानते हैं इनका पूरा होना असंभव सा है सपनों की फेहरिस्त बनाते हम ओर तुम बेचारगी पे हंस पड़ते हैं खुद ब खुद सब बेतुका है... जानते हो तुम  फिर भी पूछते हो उस चुनरी का रंग कैसा होगा जो खेतों में पसर कर नदी के उस पार मैदानों तक फैल सी जाएगी सपनों की चांदनी दूर दूर तक  हमारे हौंसलों के सफेद पंखों पर सवार हो उड़ान भरती है ओर इसलिए थके थके से कदम धीरे धीरे बढ़ते हैं फिर से  क्योंकि कही न कही हम सब यही चाहते हैं  मुलाकातों का सिलसिला जारी रहना चाहिए आखिर हर्ज ही क्या है....