तुम खुद एक कहानी बन गई दीदी

बालों में उंगलियां फिराते तुम्हारे, घुंघराले बालों को सहलाते कभी बोला था दीदी हमने भी,
ठीक होने पर अपनी कहानी लिखना दीदी
प्रेरणा देना दूसरों को, 
बताना कैसे एक पढ़ी लिखी मॉडर्न लड़की होकर भी 
तुमने माँ बाप का मान रखते हुए 
परंपराओं को निभाते हुए 
उनकीं ही पसंद के लड़के के  साथ 
डोली में बिदा हो गई थी

बताना बच्चों को कैसे ससुराल में भी 
रैगिंग होती है  उन बहुओं की 
जिन्होंने मायके में ज्यादा समय 
किताबों ओर स्कूल कॉलेज में बिताया हो

कैसे हाशिए पर रख दिए जाते हैं
 उनके सर्टिफ़िकेट ओर डिग्रियां
ओर नापा जाता है, उनकी गुझिया, हलवे ओर चाय का स्वाद
पके मांस ओर भाप ओर लकड़ी के धुएं में 
आंकी जाती है हर बार उसके मा बाप की दी गई सीख

 दीदी तुम हर बार पास होती रही, 
हर बार मगर जद्दोजहद लंबी थी
बच्चों के जन्म ओर पालने पोसने से 
अपनी पॉकेट मनी ओर 
  स्वाबलंबन के संघर्ष तक
घरवाले की इच्छा से जीते हुए
 फिर से अपने सपनों को जिंदा रखने तक
घूँघट के नीचे  आँखो में काजल  के साथ 
कलम ओर हारमोनियम का साथ न छोड़ने की जिद तक 

दीदी तुम थकती रही, रात रात भर बच्चों को दूध पिलाने ओर किताबें पढ़ने में
चूल्हा जलाने ओर षड्ज अभ्यास न छोड़ने के संकल्प में
छीजती रही प्रिया, सजनी, मा, बहन,
शिक्षिका की परिभाषाओं में
खिलती रही हर जगह प्रखर सूर्य की तरह,
घटती रही चंद्रमा की कलाओं की तरह

दीदी तुम हर चीज में सौंदर्य देखती थी 
 ओर मृत्यु से भय खाती थी
दीदी तुम्हारे स्वप्न हिमालय से ऊंचे थे 
ओर संकल्प भीष्म की तरह
  तुम्हारी भरपूर जीने की चाहते
पौधों, पत्तियों, खिलखिलाते बच्चों में
तुम्हारे आस पास की दीवार भी हंसने लगती थे 
ओर सूर्य की झिलमिलाती किरणों की रोशनी भी

थक गई फिर भी दीदी तुम
लड़ लड़ कर बार बार प्रकृति से
तोड़ कर चोट, दवाओं ओर इंजेक्शन के जाल
हर कष्ट से परे निकल चली दीदी तुम एक नए पथ पर तुम्हारी हार में भी  दीदी तुम्हारे संघर्ष का दर्प झलकता है
   दीदी तुम्हारी यादों में भी जीवन सौंदर्य झलकता है

 

Comments

Popular posts from this blog

जब से तुम गए हो

अब कैसे